कानपुर में शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के दावों के बीच बाजार में बिकने वाले बोतलबंद पानी की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने जिले की 26 पैकेजिंग यूनिटों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर खामियां पाई गईं। इस जांच में 10 यूनिटें बंद पाई गईं, जबकि चार यूनिटों में स्वच्छता मानकों का घोर उल्लंघन मिला। वहीं, चार अन्य यूनिटों में पानी की जांच रिपोर्टें सही नहीं पाई गईं और चार यूनिटों में निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं हो रहा था।
खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार स्टेट लाइसेंस प्राप्त यूनिटों के लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिए हैं। इन यूनिटों में मेसर्स प्रभु कृपा एंटरप्राइजेज (पनकी इंडस्ट्रियल एरिया), केएस टेस्टी ड्रिंक्स एंड रिफ्रेशमेंट सॉल्यूशन (यशोदा नगर), संतोषा इंडस्ट्रीज (गोविंद नगर) और सत्यम एंटरप्राइजेज (हंसपुरम नौबस्ता) शामिल हैं। इन यूनिटों में अल्ट्रावायलेट ट्रीटमेंट, पानी की जांच रिपोर्ट और स्वच्छता के मानक बेहद खराब पाए गए। इसके अतिरिक्त, चार केंद्रीय लाइसेंस प्राप्त यूनिटों के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति के लिए शासन को पत्र लिखा गया है।