चुन्नीगंज स्थित एपीफैनी कंपाउंड जमीन कब्जा और फर्जीवाड़ा कर बेचेने के आरोप में कर्नलगंज पुलिस ने लखनऊ डायोसिस ट्रस्ट एसोसिएशन (एलडीटीए) के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं पदेन चेयरमैन रेव जानसन टी जान को गिरफ्तार किया है। उसे इस फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड माना जा रहा था। उसके खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट जारी था। पुलिस ने उसे लखनऊ से पकड़ा है। मामले में पूर्व मंत्री शिव कुमार बेरिया समेत 12 पर चार्जशीट दर्ज हो चुकी है।
वर्ष 2024 में लेखपाल विपिन कुमार की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसमें हाथरस निवासी रेव जानसन टी जान, चर्च ऑफ इंडिया ट्रस्ट एसोसिएशन के अधिकृत ट्रस्टी अनिल कुमार, अर्पित मिश्र, दीपक कुमार और दुर्योधन कुमार समेत अन्य को आरोपी बनाया गया था। आरोप था कि इन लोगों ने कूट रचित दस्तावेजों से ट्रस्ट की जमीन को बेचा है। आरोप था कि अर्पित मिश्रा ने जनवरी 2021 को तलाक महल निवासी मो. सलीम उर्फ बिरयानी को 450 वर्ग गज जमीन लीज डीड पर दी थी।
जांच में सामने आया कि मास्टर माइंड रेव जानसन टी जान ने ही एपीफैनी कंपाउंड की 16 हजार वर्ग गज की जमीन का पांच करोड़ रुपये में आजमगढ़ सकतपुर निवासी सैफ अहमद, रामनारायण बाजार तारघर रोड निवासी इरशाद हुसैन, चमनगंज निवासी दानिश खलीली व अधिवक्ता अनूप जायसवाल को अनुबंध किया था। इसके बाद इन चारों ने कंपाउंड की जमीन सलीम बिरियानी, मो. रईस, अर्पित मिश्र समेत लोगों को रजिस्ट्री व डीड की थी।
पुलिस ने मामले में मो. सलीम उर्फ बिरयानी को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ में पूर्व मंंत्री शिवकुमार बेरिया समेत कई लोगों के नाम सामने आए।मामले में पुलिस ने पूर्व मंत्री शिवकुमार बेरिया समेत 12 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। कर्नलगंज थाना प्रभारी विनीत कुमार ने बताया कि आरोपी रेव जानसन टी जान को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।