महिलाओं ने किया कार्य का विरोध
- फोटो : अमर उजाला
कल्याणपुर आवास विकास तीन कम्युनिटी सेंटर के पास सोमवार को करोड़ों की पौने चार बीघे जमीन पर आवास विकास परिषद ने बुलडोजर चलवा कर कब्जा दिलाया। मंगलवार को आवास विकास के अधिकारी जमीन पर बाउंड्री निर्माण करा रहे थे। तभी खुद को भू स्वामी बताने वाली महिला हंगामा करते हुए बुलडोजर के सामने बैठ गई। पुलिस से भी झड़प हुई। हालांकि, इस दौरान निर्माण कार्य रोक दिया गया।
आवास-विकास तीन निवासी सूरज प्रसाद शुक्ला ने बताया कि यह उनकी पुश्तैनी जमीन है। तीन भाइयों स्वर्गीय भगवती प्रसाद राधे श्याम शुक्ला के नाम है। परिवार की महिलाओं सुषमा शुक्ला, रेखा शुक्ला, पूनम शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में जमीन उनके परिवार का कब्जा है। आरोप है कि वर्ष 1982 के आधार पर 45 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से दो लाख रुपये मुआवजा तय था लेकिन मुआवजा कम होने पर कब्जेदार कोर्ट चले गए। बताया जमीन को 27 करोड़ रुपये में भारत पेट्रोलियम को बेची गई है। मंगलवार को मुकदमे की हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। वहीं, हंगामे के दौरान महिलाओं ने काम भी बंद करा दिया।
इसके अलावा सूरज प्रसाद परिवार के साथ डीएम से मिले और उन्हें शिकायती पत्र दिया। आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता फराज असलम ने बताया कि 1982 में जमीन का अधिग्रहण किया गया था। उस समय मुआवजे की कम रकम होने की बात कहते हुए लोग कोर्ट चले गए तब से वहां मामला चल रहा है। बताया हाईकोर्ट अगर कोई आदेश करेगा तो उसका पालन किया जाएगा। कल्याणपुर थाना प्रभारी राजेंद्रकांत शुक्ला ने बताया कि मंगलवार को महिलाओं ने हंगामा किया है। उन्हें किसी तरह शांत कराया गया है।