कानपुर के हाई-प्रोफाइल लैंबॉर्गिनी हादसे के चार दिन बाद पुलिस ने तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे और मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। चर्चा है कि शिवम कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे उसके आवास से हिरासत में ले लिया। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार शिवम को उसके घर से ही उठाया गया है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस आरोपी को गुप्त स्थान पर मेडिकल परीक्षण के लिए ले गई है, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। बुधवार को ड्राइवर मोहन ने कोर्ट में सरेंडर कर खुद को चालक बताया था, लेकिन पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर शिवम पर शिकंजा कसते हुए उसे दबोच लिया।