बिजली के तारों की मरम्मत करते बिजली कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर शहर में बिजली आपूर्ति सुधार के काम कर रही कंपनी कृष्णा इलेक्ट्रानिक इंजीनियरिंग (केईई) पर लेटलतीफी के चलते एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगा है। रीवैंप्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत केस्को ने 475 करोड़ की लागत वाले कार्य वर्ष 2022 में कंपनी को सौंपे थे। नवंबर 2024 में कार्य पूरे होने थे, लेकिन कंपनी अभी तक सिर्फ 65 फीसदी काम ही कर पाई है। लापरवाही बरतने पर केस्को कंपनी पर पहले भी दो बार जुर्माना लगा चुका है।
आरडीएसएस के तहत कंपनी को अंडरग्राउंड केबल बिछाने, एबी केबल, 11केवी केबल, ओवरहेड में एक्सएलवी केबल और लंबे फीडरों को छोटा करने जैसे काम करने हैं। कंपनी के काम की गति को देखते हुए अभी इनके पूरा होने में छह माह का समय और लग सकता है। केस्को ने समय पर काम खत्म नहीं करने पर बीते साल दिसंबर में कंपनी पर 2.10 करोड़ रुपये और जनवरी में 1.30 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। अब 7 मई को तीसरी बार एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इस प्रकार अब तक कंपनी पर कुल 4.40 करोड़ रुपये का जुर्माना लग चुका है।