मृतक की फाइल फोटो और पोस्टमार्टम हाउस में परिजन
- फोटो : amar ujala
कानपुर जिला कारागार में बंद वाहन चोरी के आरोपी आसिफ (22) की हैलट में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार रात मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि जेल के भंडार गृह में काम के दबाव के बीच बंदी रक्षकों ने आसिफ के सीने पर बेलन से वार किया था। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालत बिगड़ने पर उसे पहले उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हैलट रेफर किया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौबेपुर के दरियागंज गांव निवासी आसिफ को पुलिस ने पांच अगस्त को वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर माती जेल भेजा था। करीब एक माह बाद उसे कानपुर जिला कारागार स्थानांतरित कर दिया गया। आसिफ की मां हसीमा और मामा नियाज का आरोप है कि जिला जेल के भंडार गृह में उसकी ड्यूटी लगाई गई थी। वहां उस पर भारी सामान उठाने का दबाव बनाया जा रहा था।