फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: ऑस्ट्रेलिया-ए को हरा भारत-ए बना चैंपियन, दो विकेट से दी मात, मैन ऑफ द मैच बने प्रभसिमरन

Sun, 05 Oct 2025 10:37 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

प्रभसिमरन के शतक व रियान पराग, श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों से भारत-ए ने तीन मैचों की वनडे सीरीज जीती।
विज्ञापन
IND A vs AUS A - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रभसिमरन सिंह के तूफानी शतक, कप्तान श्रेयस अय्यर और रियान पराग के पचासे और अंत में बाराबंकी के विप्रज निगम के छक्के से भारत-ए ने रविवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया-ए को दो विकेट से हराया। भारत ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। भारत-ए ने 46 ओवर में आठ विकेट खोकर 317 रनों के लक्ष्य को हासिल किया।
विज्ञापन


टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया-ए टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के दोनों ओपनर मैकेंजी हार्वे (7) और जैक फ्रेजर (5) को तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आउट किया। इसके बाद हर्षित राणा ने हैरी डिक्सन (1) और लाचेन हार्ने (16) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया-ए के चार विकेट मात्र 44 रन पर गिरा दिए। इसके बाद कूपर कोनोली और लैचन शॉ ने संभाला और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर निशांत सिंधु ने शॉ (32) को आउट कर साझेदारी तोड़ी। इस बीच अर्धशतक पूरा करने वाले कोनोली (64 रन, 49 गेंद, 5 चौके, 4 छक्के) को आयुष बडोनी ने अभिषेक शर्मा के हाथों कैच करवाया।

 

IND A vs AUS A - फोटो : अमर उजाला
इसके बाद लियाम स्कॉट (73 रन, 64 गेंद, 1 चौका, 6 छक्के) और कप्तान जैक एडवर्ड्स (89 रन, 75 गेंद, 8 चौके, 3 छक्के) ने 152 रनों की शतकीय साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। 41वें ओवर में लियाम स्कॉट बाउंड्री लगाने के प्रयास में सूर्यांश को कैच थमा बैठे। अंत में टॉड मर्फी (2) और तनवीर सांघा (12) जल्दी लौट गए। पूरी टीम 316 रन पर ऑल आउट हो गई। टॉम स्ट्रैकर छह रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने तीन-तीन विकेट झटके। आयुष बडोनी ने दो और गुरजपनीत सिंह व निशांत सिंधु ने एक-एक सफलता हासिल की।

 

IND A vs AUS A - फोटो : अमर उजाला
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत-ए टीम को अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 11.2 ओवर में 83 रनों की साझेदारी कर मजबूत नींव रखी। एशिया कप में धमाल मचा चुके अभिषेक इस बार बड़ी पारी नहीं खेल सके और 25 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हो गए। तिलक वर्मा भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए और मात्र तीन रन बनाकर तनवीर सांघा की फिरकी में फंस गए। 89 रनों पर दो विकेट गिरने के बाद भी प्रभसिमरन सिंह ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी और केवल 66 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।

 

IND A vs AUS A - फोटो : अमर उजाला
19वें ओवर में वह तनवीर सांघा की गेंद पर वह विल सदरलैंड को कैच थमा बैठे। उनकी 68 गेंदों की पारी में आठ चौके और सात छक्के शामिल रहे। दूसरे छोर से कप्तान श्रेयस अय्यर और रियान पराग ने मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 92 गेंदों पर 117 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की राह पर आगे बढ़ाया। श्रेयस अय्यर ने 58 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 62 रन बनाए। पराग ने 55 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्कों के दम पर 62 रन जोड़े। इन दोनों के आउट होने के बाद जब भारत-ए को 13.4 ओवर में सिर्फ 42 रनों की जरूरत थी, तब ऑस्ट्रेलिया के स्पिनरों ने मैच को रोमांचक बना दिया। तनवीर सांघा ने निशांत सिंधु (2) को आउट किया। टॉड मर्फी ने आयुष बडोनी (21) और हर्षित राणा (0) को पवेलियन भेज दिया।

 

IND A vs AUS A - फोटो : अमर उजाला
विप्रज निगम बने नायक
जब मैच रोमांचक स्थिति में पहुंचा तो भारत ए ने आठ विकेट 280 पर गंवा दिए थे। ऐसे में बाराबंकी के युवा विप्रज निगम (नाबाद 24) ने अर्शदीप सिंह (नाबाद 7) के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। विप्रज ने 46वें ओवर में छक्का जड़कर भारत-ए को विजयी बनाया। सांसद रमेश अवस्थी, ब्रिगेडियर शबरूल हसन और संजय कपूर ने प्रभसिमरन को मैन ऑफ द मैच और ऑलराउंडर रियान पराग को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया।
विज्ञापन

भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई ने शर्ट भेंट की - फोटो : अमर उजाला
भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई ने फैन को भेंट की टी-शर्ट
भारतीय टीम के स्पिनर रवि बिश्नोई ने रविवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम में एक भावुक पल में अपने फैन गौरव पांडेय को अपनी टी-शर्ट भेंट की। जेके स्टॉफ कॉलोनी, कमलानगर निवासी गौरव पांडेय भारतीय टीम के समर्थक हैं। गौरव ने बताया कि यह पल उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। गौरव इससे पहले भी कई मौकों पर ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारतीय टीम का हौसला बढ़ाने पहुंच चुके हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें