Kanpur News: कानपुर के प्रसिद्ध दुलारे और एसएस ज्वेलर्स के ठिकानों पर बुधवार को आयकर विभाग ने सर्वे की कार्रवाई शुरू की। लाल बंगला, बिरहाना रोड और नयागंज में भारी सुरक्षा और पीएसी के पहरे के बीच दस्तावेजों और स्टॉक की सघन जांच की जा रही है।
कानपुर में कर चोरी की आशंका में आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने बुधवार को शहर के दुलारे ज्वेलर्स और एसएस ज्वेलर्स के प्रतिष्ठानों पर सर्वे की करवाई शुरू की। चकेरी के लाल बंगला स्थित दुलारे ज्वेलर्स में बुधवार दोपहर करीब आयकर विभाग की टीम ने सर्वे किया। इसके अलावा किदवई नगर स्थित प्रतिष्ठान और बिरहाना रोड स्थित प्रतिष्ठान पर भी कार्रवाई की गई।
वहीं, एसएस ज्वेलर्स के नयागंज स्थित प्रतिष्ठान और बिरहाना रोड स्थित आवास पर भी सर्वे चल रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में दुकान के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रहा। एक के बाद एक कर करीब पांच लग्जरी गाड़ी दुलारे ज्वेलर्स के बाहर पहुंची, तो पूरे मार्केट में हड़कंप मच गया। 1:30 बजे इनकम टैक्स के सभी अधिकारी पहुंचे। इस दौरान ज्वेलर्स के बाहर पीएसी बल तैनात किया गया। हालांकि किसी को भी अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है।