Kanpur News: भीतरगांव क्षेत्र में साढ़-अमौर मार्ग पर रामगंगा नहर पर बना 125 वर्ष पुराना ब्रिटिशकालीन पुल ओवरलोड वाहनों के दबाव से दरक गया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने रविवार सुबह कार्रवाई करते हुए पुल के दोनों छोर बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिए हैं।
कानपुर के भीतरगांव क्षेत्र में साढ़-अमौर मार्ग पर रामगंगा नहर पर बना 125 वर्ष पुराना अंग्रेजी हुकूमत वाला ब्रिटिशकालीन पुल में ओवरलोड वाहनों के भारी दबाव के चलते बीते बुधवार की शाम दरक कर धसांव आ गया था। शुक्रवार को अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने इसका संज्ञान लिया और जांच कराई। इसके बाद, रविवार सुबह लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों छोर पर 'पुल बंद' का बोर्ड लगाकर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया।
मालूम हो कि वर्ष 1901 में निर्मित, ईंट-पत्थर से तैयार इस ऐतिहासिक मेहराब वाले पुल की दीवारें कमजोर हो चुकी थीं। डिफेंस कॉरिडोर के निर्माण में लगे ओवरलोड डंपरों की आवाजाही ने इसे और अधिक जोखिम में डाल दिया था। रविवार सुबह अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए पुल के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर दी और हर तरह के आवागमन को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। अब पानी का स्तर कम होते ही इस पुराने पुल की जगह फोरलेन पुल का निर्माण भी शुरू किया जाएगा।