http://
20 आरोपियों पर एफआईआर
नौबस्ता केडीए कॉलोनी निवासी पीड़िता आकांक्षा शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने परिजनों व मोहल्लेवासियों के साथ बप्पा की मूर्ति विसर्जन के लिए जा रही थीं। जैसे ही जुलूस फत्तेपुर नाका के पास पहुंचा, तभी पूर्व रंजिश को लेकर शोभित सिंह, राहुल भदौरिया, नितिन सिंह, शिवा सिंह, जंगी और उनके 10-15 अज्ञात गुर्गों ने रास्ता रोक लिया। दबंगों ने अचानक हमला बोलकर उनके भाई अंश शर्मा और अविरल दुबे को कुल्हाड़ी व लाठियों से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया।
बमुश्किल जान बचाकर भागे थे लोग
हमले के दौरान बमबाजी और तोड़फोड़ से मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। कई श्रद्धालुओं ने दुकानों व गलियों में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के रूह कंपा देने वाले कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दबंगों का तांडव साफ नजर आ रहा है।
पुलिस ने निकाला जुलूस
गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट व तोड़फोड़ सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल भदौरिया को धर दबोचा और इलाके में उसका पैदल जुलूस निकाला। थाना प्रभारी ने कहा कि अन्य नामजद व अज्ञात आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।