अवैध निर्माण पर की गई कार्रवाई
- फोटो : अमर उजाला
कचहरी परिसर स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग परिसर में किए गए अवैध कब्जों पर सोमवार को कार्रवाई की गई। तहसीलदार और कार्यदायी संस्था जलनिगम (नगरीय) की सीएंडडीएस अधिकारियों की मौजूदगी में कुल 30 अवैध रूप से बनाए गए वकीलों के बस्ते जेसीबी से ढहाए गए। इस दौरान अधिवक्ताओं ने भारी विरोध भी किया लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की गई। एडीएम सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि तहसीलदार, एसीएम और कई थानों की फोर्स के साथ यह कार्रवाई की गई। यहां स्थायी और अस्थायी मिलाकर कुल 30 बस्ते बनाए जा रहे थे जिन्हें जेसीबी से ढहाया गया।
कुछ अधिवक्ता जेसीबी के आगे भी खड़े हो गए जिन्हें पुलिस ने समझा कर हटाया। बता दें कि इस संबंध में सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक एसके वर्मा ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को पत्र भेजा था। कहा था कि कुछ अनाधिकृत लोग रात के वक्त पार्किंग परिसर में अस्थायी निर्माण कर कब्जा कर रहे हैं। आशंका जताई थी कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो पार्किंग संचालन शुरू होने के बाद परिसर को खाली कराना मुश्किल होगा। इससे पार्किंग के प्रवेश और निकासी मार्ग, वाहनों की आवाजाही और प्रबंधन में बाधा आ सकती है। इसके बाद कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन ने अवैध कब्जे तो हटा दिए लेकिन फिर अतिक्रमण होने की आशंका है क्योंकि अभी तक पार्किंग परिसर की सुरक्षा के लिए पीछे की तीनों ओर बाउंड्रीवाल का निर्माण नहीं हुआ है। स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी आरके तिवारी ने बताया कि इसकी पत्रावली तैयार हो गई है, जल्द टेंडर प्रक्रिया कर काम शुरू कराया जाएगा। पार्किंग का थर्ड पार्टी निरीक्षण भी कराया जा चुका है।
334 कार, 100 बाइक की क्षमता
पार्किंग का निर्माण 47.83 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। इसमें 334 कार और 100 बाइक खड़ी करने की क्षमता है। भूतल पर 11 दुकानें भी बनाई गई हैं। वाहनों के प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग दो द्वार हैं। परिसर के चारों ओर सीसी रोड भी तैयार है, छत पर कैफेटेरिया की व्यवस्था भी की गई है।