आईआईटी कानपुर देश में सबसे पहले लैब के अंदर सूरज जैसी आभासी सीधी रोशनी तैयार कर सकेगा। यहां कंसंट्रेटेड फोटोवोल्टिक्स (सीपीवी) सिस्टम की जांच के लिए सन सिम्युलेटर स्थापित होगा, जिसकी मदद से सीपीवी सोलर मॉड्यूल की धूप में बिजली बनाने की क्षमता की जांच हो सकेगी। अभी यह सुविधा भारत में नहीं है। संस्थान ने बंगलूरू की कंपनी नेक्सपीवी एनर्जी सिस्टम के साथ समझौता किया है। संस्थान के टेक्नोपार्क की सदस्य कंपनी इनवेरिएंस ऑटोमेशन भी सहयोग करेगी।
परियोजना का नेतृत्व आईआईटी कानपुर के सस्टेनेबल एनर्जी इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. आशीष गर्ग और उनकी टीम कर रही है। इनवेरिएंस ऑटोमेशन तकनीक को शुरुआती मॉडल से आगे बढ़ाकर उत्पादन स्तर की मशीन तैयार करने में मदद करेगी। इससे भारत में सीपीवी मॉड्यूल बनाने वाली कंपनियों को अपने उत्पाद की गुणवत्ता और क्षमता की जांच के लिए देश से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। नई सौर तकनीक को लैब से निकालकर बड़े पैमाने पर इस्तेमाल और उत्पादन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। प्रो. आशीष गर्ग ने कहा कि 2070 तक नेट-जीरो लक्ष्य को हासिल करने के लिए सौर ऊर्जा का बड़े स्तर पर इस्तेमाल जरूरी है। सिर्फ सोलर पैनल बनाना ही नहीं, उनकी जांच की सुविधाएं भी विकसित करना जरूरी है।