पीएचडी की थीसिस चोरी करने के आरोपों से घिरे कानपुर आईआईटी के एयरोस्पेस विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुब्रमण्यम सडरेला पर अब एमटेक की भी थीसिस चोरी करने का आरोप लगा है। एक अज्ञात छात्र ने तीन दिन पहले ई-मेल कर आरोप लगाया है कि डॉ. सडरेला ने एमटेक की थीसिस का पूरा एक चैप्टर गिरीश साहू नाम के छात्र की थीसिस से कॉपी किया है। इसके अलावा चैप्टर-4 को प्रो. जातेगोनकर की किताब के चैप्टर-6 से कॉपी किया है। थिसिस का इंट्रोडक्शन एआईएए रिसर्च पेपर से कॉपी किया गया है। इस मेल ने इंस्टीट्यूट में हड़कंप मचा दिया है। इंस्टीट्यूट की एथिक्स कमेटी ने इन आरोपों की भी जांच शुरू कर दी है।
इंस्टीट्यूट प्रशासन और सभी प्रोफेसरों को भेजे गए ई-मेल में छात्र ने तीखा हमला किया है। कहा है कि पिछले वर्ष एक एमटेक स्टूडेंट पर थिसिस चोरी करने का आरोप लगाकर आप लोगों ने डिग्री रद्द कर दी थी, उसे बर्खास्त भी कर दिया था। इस मामले में ऐसा नहीं होगा। छात्र ने लिखा है कि उसे मालूम है कि आप लोग डॉ. सडरेला को क्लीन चिट दे देंगे। मामला किसी छात्र का होता तो उसकी जिंदगी बर्बाद कर देते।