पनकी में सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार ने फैक्टरी से घर लौट रहे साइकिल सवार सुपरवाइजर को टक्कर मार दी और भाग निकला। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान कर्मी की मौत हो गई। टक्कर मारने वाली कार की तलाश में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
विज्ञापन
पनकी डी-ब्लाॅक निवासी आशुतोष तिवारी (53) दादानगर स्थित नमकीन फैक्टरी में सुपरवाइजर थे। परिजनों के मुताबिक देर रात वह साइकिल से घर लौट रहे थे। तभी पनकी स्टेशन के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को देखकर वह साइकिल से उतर गए और किनारे खड़े हो गए। इसके बावजूद तेज रफ्तार कार सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। भतीजे राकेश कुमार ने बताया कि लगे सीसीटीवी कैमरे में सफेद रंग की कार टक्कर मारती दिखी है। पनकी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।