कानपुर। यूनाइटेड चैंपियंस लीग में सोमवार को खेले गए चार मुकाबलों में कानपुर हीरोज, टी केयर टाइटंस, माइटी मेवरिक्स और ऑरेंज आर्मी ने अपने-अपने मैचों में जीत हासिल की। लीग में मोहित और दीपक ने घातक गेंदबाजी की।
रामलखन भट्ट मैदान पर हुए पहले मुकाबले में कानपुर हीरोज ने 30 ओवर में आठ विकेट पर 192 रन बनाए। दीपक कुमार ने नाबाद 52 रन की पारी खेली। जवाब में रेंजर्स यूसीएल की टीम 25.2 ओवर में 134 रन पर ढेर हो गई।
इस तरह कानपुर हीरोज ने 58 रन से मुकाबला जीत लिया। विजेता टीम की ओर से दीपक कुमार ने तीन, अभिषेक मिश्रा और संदीप खन्ना ने दो-दो विकेट चटकाए। रेंजर्स से पुलकित त्रिपाठी ने सर्वाधिक 25 रन बनाए।
लॉर्ड्स ग्राउंड पर हुए दूसरे मैच में टी केयर टाइटंस ने 30 ओवर में 221 रन बनाए। क्राइल क्लार्क और अक्षय ने 39-39 और आकाश शर्मा ने 34 रन का योगदान दिया। सुविधा ट्रेवल्स की ओर से रिषभ राय खरे ने चार और मोहित सावलानी ने तीन विकेट लिए।
लक्ष्य पीछा करते हुए सुविधा ट्रेवल्स की टीम 27.5 ओवर में 164 रन बनाकर आउट हो गई। टीम की तरफ से अंश खत्री ने 56 और चरणप्रीत ने 43 रन बनाए। टाइटंस की ओर से मोहित गुप्ता ने चार विकेट अपने नाम किए।
कानपुर साउथ मैदान पर तीसरे मुकाबले में माइटी मेवरिक्स ने रोहित धवन और सौरभ के 43-43 रन की मदद से 30 ओवर में नाै विकेट पर 186 रन बनाए। जवाब में फ्रेंड्स यूसीएल की टीम 23 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। टीम से आयुष मंधानी 26 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। विजयी टीम की ओर से योगेश ने तीन और अर्पित अवस्थी ने दो विकेट हासिल किए।
इसी तरह, ओईएफ स्टेडियम में खेले गए चौथे मैच में ऑरेंज आर्मी ने आदित्य के 65 और विकास सिंह के 47 रन की बदौलत 30 ओवर में सात विकेट पर 229 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पिच राइडर्स की पूरी टीम 25.3 ओवर में मात्र 68 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शिवांशु दीक्षित ने 11 रन बनाए। ऑरेंज आर्मी से ओम, विकास सिंह और देवेंद्र सिंह ने दो-दो विकेट चटकाए।