चकेरी थानाक्षेत्र में एक फर्जी फर्म बनाकर आरोपी फर्म मालिक ने 4.74 करोड़ की आईटीसी जीएसटी चोरी कर ली। जांच में इसका पता चलने के बाद राज्य कर उपयुक्त ने आरोपी फर्म मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। राज्य कर के सहायक आयुक्त आनंद कुमार सिंह के मुताबिक नौबस्ता के मछरिया निवासी अब्दुल तौहीद ने चकेरी के भवानी नगर में अब्दुल ट्रेडर्स के नाम से फर्म का नवंबर 2025 में जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराया।
फर्म के नाम पर कई कारोबारियों से माल की खरीद दिखाई गई। जीएसटी रिकॉर्ड में करोड़ों रुपये के लेनदेन भी दर्ज मिले। हालांकि, जांच में पता चला कि जिस पते पर फर्म का व्यापारिक स्थल बताया गया था, वहां कोई असली कारोबार नहीं हो रहा था।
बीती 24 अगस्त को जीएसटी विभाग की रेंज-सी कानपुर की टीम ने भवानीनगर स्थित व्यापार स्थल का निरीक्षण किया। संपत्ति की मालकिन उर्मिला देवी ने अधिकारियों को बताया कि वे अब्दुल तौहीद नाम के किसी व्यक्ति को नहीं जानतीं। जांच में यह भी आरोप सामने आया कि फर्म ने बिना किसी वास्तविक माल की सप्लाई के सिर्फ कागजी बिलों के आधार पर आईटीसी हासिल की। इसके चलते फर्म की आड़ में करीब 4.74 करोड़ रुपये का आईटीसी हड़पा गया। सहायक उपायुक्त ने चकेरी थाने में मामले की शिकायत की। थाना प्रभारी अजय प्रकाश ने बताया कि प्राथमिकी दर्जकर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।