मुख्यमंत्री के सामने भी प्रस्ताव प्रस्तुत करने की योजना
सभी की ओर से शहर में बढ़ रही आबादी और लैंड बैंक की कमी को देखते हुए इस योजना पर सहमति जताई गई थी। कुछ दिनों पहले केडीए वीसी के नेतृत्व में एक टीम ने इस पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया था। कार्ययोजना का प्रस्ताव तैयार होने के बाद इसे मुख्यमंत्री के सामने भी प्रस्तुत करने की योजना है। केडीए अधिकारियों के अनुसार अभी यह योजना शुरुआती चरण में है। इसका पूरा प्रस्ताव बनाने से पहले यह देखा जा रहा है कि कितनी दूरी तक इसमें आवासीय व अन्य सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं।
गूगल मैपिंग का चल रहा है काम
इसी वजह से इसका नक्शा तैयार कराया जा रहा है। इसमें सभी तरह के आवासों को बनाए जाने की योजना पर काम चल रहा है। इसमें मध्य व उच्च वर्ग के लिए एमआईजी से लेकर एचआईजी तक के प्लॉट उपलब्ध होंगे। इसी तरह ग्रुप हाउसिंग, मल्टी स्टोरी भी बनाए जाने का प्रस्ताव है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के प्लॉट भी रहेंगे। केडीए वीसी मदन सिंह गर्ब्याल के अनुसार ग्रेटर कानपुर के लिए गूगल मैपिंग का काम चल रहा है।
आसपास बनाए जाएंगे तीन नए पार्क
ग्रेटर कानपुर के आसपास तीन पार्क विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है इसमें ईवी पार्क, मेडिसिटी पार्क और एमएसएमई पार्क शामिल हैं। ईवी पार्क में इलेक्ट्रानिक्स वाहन, मेडिसिटी पार्क में दवाओं का निर्माण और एमएसएमई पार्क में छोटे और मध्यम उद्योगों को स्थापित किया जाएगा।
शहर के सभी क्षेत्रों में बड़ी योजनाएं
ग्रेटर कानपुर की तरफ पहले से भी कई परियोजनाएं शुरू की गई हैं जिसमें न्यू कानपुर सिटी परियोजना सबसे बड़ी है। वर्तमान में इसके लिए बिठूर क्षेत्र में जमीन अधिग्रहीत करने का काम चल रहा है। यहां पर आवासीय के साथ व्यावसायिक क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा। इसी तरह गंगा पार बैराज क्षेत्र में अटकी पड़ी ट्रांस गंगा सिटी परियोजना में कार्य तेज कर दिए गए हैं। इसके लिए वीआईपी रोड से गंगा पर एक पुल भी बनाने का प्रस्ताव शासन से मंजूर हो चुका है।
शहर के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्से होगा स्थापित
शहर के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्से के बीच भौंती बाईपास के पास ग्रेटर कानपुर के लिए सेन पश्चिम पारा, सेन पूरब पारा, पतेहुरी, गोपालपुर, गंभीरपुर, कैथा, सरनेतपुर, डांडे का पुरवा, दुर्जनपुर, इटारा गांव की जमीन चिह्नित की गई है। ग्रेटर कानपुर भौंती से लगभग पांच किलोमीटर दूर और भीमसेन रेलवे स्टेशन से दो किलोमीटर दूर होगा।