रेलबाजार क्षेत्र में शुक्रवार को पैराशूट फैक्टरी कर्मी के बंद घर से चोरों ने नकदी, जेवरात समेत 1.50 लाख रुपये का माल पार कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। जीटी रोड डिफेंस कॉलोनी टाइप-2 निवासी सुरेश चंद्र वर्मा पैराशूट फैक्टरी में टेलर हैं। वह कालोनी में चौथी मंजिल में रहते हैं। 23 मई को वह सुबह आठ बजे ड्यूटी पर गए, जबकि पत्नी रोशनी बच्चे को लेकर लक्ष्मीपुरवा स्थित बहन के यहां दवा लेने चली गईं थी।
शाम पांच बजे जब वह घर वापस लौटे तो उन्हें मेन गेट का ताला टूटा मिला। उनके होश उड़ गए। अंदर अलमारी भी खुली मिली। चोरों ने आठ हजार की नकदी समेत 1.50 लाख के जेवर चोरी कर लिए। उन्होंने कॉलोनी के कुछ लोगों पर संदेह जताया। रेलबाजार थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।