दो महीने पहले शुरू हुआ था प्रताड़ना का खेल
मामला करीब दो महीने पुराना है। पीड़ित पिता के मुताबिक, गांव का ही एक युवक उनकी नाबालिग बेटी को स्कूल जाते समय परेशान करता था। आरोपी ने न केवल किशोरी के साथ छेड़छाड़ की, बल्कि जबरन उसकी फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डरी-सहमी किशोरी ने जब परिजनों को यह बात बताई, तो पिता उसे लेकर स्थानीय चौकी पहुंचे।
आरोपी की दबंगई: माला पहनकर घर के बाहर किया प्रदर्शन
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने आरोपी पर हाथ नहीं डाला। पुलिस की इसी 'मेहरबानी' का नतीजा रहा कि आरोपी अब खुलेआम चुनौती दे रहा है। पीड़ित पिता ने बताया कि हाल ही में आरोपी फूल-माला पहनकर उनके घर के सामने से निकला और भद्दी टिप्पणियां करते हुए धमकी दी कि वह किशोरी को 'विदा' कराकर अपने साथ ले जाएगा।
चौकी से डीजीपी कार्यालय तक नहीं मिली सुनवाई
हताश पिता ने न्याय की आस में स्थानीय चौकी से लेकर डीजीपी कार्यालय तक के दरवाजे खटखटाए। पिता का कहना है कि शुक्रवार शाम एडीसीपी जांच के लिए घर जरूर आईं, लेकिन सिर्फ आश्वासन देकर लौट गईं। उन्होंने रुंधे गले से कहा, जब हर दरवाजे से मायूसी मिली है, तो अब हमारे पास जीने का कोई रास्ता नहीं बचा है। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मैं अपनी बेटी संग आत्मदाह कर लूंगा।
पुलिस का पक्ष: सुरक्षा का दावा
इस मामले पर एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार संपर्क में है। एसीपी ने आश्वासन दिया कि यदि आरोपी दोबारा धमकाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।