अभी तक चौड़ीकरण कार्य शुरू नहीं हो पाया
कार्य पूरा करने की डेडलाइन 15 नवंबर है। अमर उजाला ने इस सड़क की पड़ताल की, तो पता चला कि शुक्लागंज उन्नाव से गंगा बैराज, सिंहपुर चौराहा होते हुए मंधना में कानपुर-अलीगढ़ राष्ट्रीय मार्ग से पहले 200 मीटर दूर तक सड़क चौड़ीकरण कार्य हो गया है। डिवाइडर भी बन गया है। इस 200 मीटर के हिस्से में से लगभग 100 मीटर हिस्से में चौड़ीकरण के दायरे में मकानों, दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण आड़े आ रहे हैं। इस वजह से वहां अभी तक चौड़ीकरण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
विभाग ने ठेकेदार को दी चेतावनी
विभाग से जानकारी करने पर पता चला कि अतिक्रमणकारियों को छह महीने पहले चेतावनी देते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए कहा था। डेढ़ महीने पहले दोबारा अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया तो सभी ने दीपावली तक दुकानें पूर्ववत लगाने की मोहलत मांगी और इसके बाद खुद अतिक्रमण हटा लेने का आश्वासन दिया। पीडब्ल्यूडी ने उन्हें दीपोत्सव तक की मोहलत दे दी, लेकिन त्योहार बीतने के बावजूद अतिक्रमणकारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। उधर, विभाग ने ठेकेदार को चेतावनी देते हुए तय समय में कार्य पूरा करने के लिए कहा है।
गंगा बैराज रोड़ चौड़ीकरण का कार्य लगभग पूरा हो गया है। सिर्फ मंधना में चौड़ीकरण के दायरे में आ रही 100 मीटर सड़क पर अतिक्रमण है। इस वजह से 100 मीटर सड़क नहीं बन पाई है। अतिक्रमण हटते ही निर्माण पूरा करा दिया जाएगा। -अखंडेश्वर प्रसाद, अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड-दो, पीडब्ल्यूडी