कानपुर में गंगा बैराज पर बैरियर और पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर फरार हुई कार का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने उन्नाव से लेकर बिठूर तक कई सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई, जिसमें नंबर प्लेट नजर नहीं आ रही है। कार चालक व बगल की सीट पर जरूर एक सवार नजर आया है। घटना के समय अगर पुलिस मोबाइल पर मैसेज टाइप करके अधिकारियों को भेजने के बजाय वायरलेस पर सूचना प्रसारित कर देती, तो शायद बेअंदाज कार सवार पुलिस हिरासत में होते।
ऐसा न होने से कार सवार बिठूर की ओर भाग निकले। कोहना थाने की गंगा बैराज चौकी इंचार्ज प्रभाशंकर सिंह ने अज्ञात कार सवार के खिलाफ लापरवाही व तेज गति से वाहन चलाने, दूसरों के जीवन को खतरे में डालने की एफआईआर दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार मंगलवार की शाम 6:30 बजे गंगा बैराज पर अटल घाट चौकी इंचार्ज संजय, एसआई पूरन सिंह और होमगार्ड हरि प्रकाश नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान काले रंग की हुंडई औरा कार आई और बैरियर काे टक्कर मारने के बाद फरार हो गई।