मोबाइल लोकेशन से खुला राज
जब युवती कई दिनों तक घर वापस नहीं लौटी और परिजनों का उससे संपर्क टूट गया, तो घबराए परिवार ने बर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के निर्देश पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस टीम को सक्रिय किया। आरोपियों के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन राजस्थान में मिली, जिसके बाद एक विशेष पुलिस टीम को तुरंत राजस्थान रवाना किया गया। पुलिस टीम ने राजस्थान के सीकर जिले के आसाश गांव में छापेमारी की। वहाँ पुलिस को युवती मिल गई। मौके पर मौजूद आरोपी सुरेश प्रजापत ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि युवती उसकी पत्नी 'काजल' है और उसने उससे कानूनी रूप से विवाह किया है।
तीन लाख में 'सौदा' और गिरफ्तारी
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी सुरेश प्रजापत टूट गया और उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि उसने रिया, उसके पति सुमित और उनके एक अन्य साथी अभिनव बाजपेई उर्फ राज को तीन लाख रुपये नकद दिए थे, जिसके बदले में उन्होंने युवती को उसे सौंपा था। सुरेश के अनुसार, उसने युवती को 'खरीदा' था और फिर कागजी कार्रवाई कर उसे अपनी पत्नी बताने लगा। पुलिस ने तुरंत सुरेश प्रजापत को गिरफ्तार कर लिया और युवती को सुरक्षित लेकर कानपुर वापस आ गई। हालांकि, मुख्य आरोपी रिया, उसका पति सुमित और उनका सहयोगी अभिनव बाजपेई अभी भी फरार हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए हैं।
डीसीपी का बयान और आगामी कार्रवाई
इस मामले पर जानकारी देते हुए डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया, "महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने राजस्थान में दबिश देकर युवती को सुरक्षित बचा लिया है और खरीदने वाले आरोपी को जेल भेज दिया गया है। अब युवती के कोर्ट में कलमबंद बयान (धारा 164 के तहत) दर्ज कराए जाएंगे। युवती के बयानों के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं बढ़ाई जाएंगी। फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं, उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।