सचेंडी थाना क्षेत्र के धरमंगदपुर गांव में कृषि भूमि के फर्जी बैनामे के जरिए 93.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। भृगु एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव विशाल भार्गव ने गुरुवार को दो महिला सहित छह लोगों के खिलाफ़ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विज्ञापन
विशाल भार्गव ने बताया कि वर्ष 2015 में वह सोसाइटी के अध्यक्ष थे तब उन्होंने धरमंगदपुर गांव में कृषि भूमि का बैनामा पवन कुमार, ज्ञानेंद्र कुमार, विजय कुमार, अजय कुमार और सावित्री देवी से 93.80 लाख रुपये में कराया था। जांच में पता चला कि फर्जी तरीके से अधिक जमीन का बैनामा किया गया था और मन्जूलता द्वारा गलत तरीके से दान विलेख भी कराया गया था। 10 जून 2024 को उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर सचेंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।