काकादेव थानाक्षेत्र में मकान बेचने के नाम पर युवक ने आरोपी पर फर्जी दस्तावेज दिखाकर भरोसा जीतने, बयाने की रकम हड़पने और धमकाने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। विजय नगर निवासी वीरेंद्र सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी मुलाकात शास्त्री नगर निवासी दीपक उर्फ लल्ला के जरिए अमन ठाकुर से हुई थी। आरोपी ने विजय नगर स्थित एक मकान को 16 लाख रुपये में बेचने की बात कही और दावा किया कि मकान उसकी चचेरी बहन के नाम है, जिसने उसे बिक्री के लिए दे रखा है।
आरोप है कि उसने कुछ दस्तावेज दिखाकर भरोसा दिलाया, जिसके बाद उन्होंने बयाने के तौर पर दो खाली चेक दिए, जिनसे कुल दो लाख रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद जब रजिस्ट्री कराने की बात हुई तो आरोपी अमन ने टालना शुरू कर दिया। पीड़ित के अनुसार सख्ती दिखाने पर आरोपी और उसकी पत्नी इंद्रा ने गालीगलौज कर कहाकि रुपये भूल जाओ, हमारा राजनीतिक प्रभाव है, कुछ नहीं कर पाओगे। उन्हें पता चला कि अमन ठाकुर का असली नाम हरप्रताप सिंह सेंगर है, जो विजय नगर निवासी है।
आरोप है कि हरप्रताप पहले भी कई लोगों के साथ इसी तरह जालसाजी कर चुका है। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से की। काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि तहरीर के आधार पर अमन ठाकुर उर्फ हरप्रताप और उसकी पत्नी इंद्रा सेंगर के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात, धमकाना, गालीगलौज आदि धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।