विनायकपुर में एलएलबी छात्र पर चापड़ से हमला करने के आरोपी प्रिंस राज श्रीवास्तव को रावतपुर पुलिस ने बुधवार को कोर्ट के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक समेत तीन को पहले ही जेल भेज चुकी है।
विज्ञापन
केशवपुरम निवासी एलएलबी छात्र अभिजीत सिंह पर 25 अक्तूबर की रात करीब दस बजे चापड़ से हमला हो गया था। वह विनायकपुर स्थित मेडिकल स्टोर से दवा लेने गया था। हमले में उसके हाथ की दो अंगुलियां और पेट की आंतें कट गई थीं। पुलिस ने अभिजीत सिंह पर ही रंगदारी मांगने और मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली। उसके मामा की ओर से मेडिकल स्टोर संचालक अमर सिंह, उसके भाई विजय सिंह, प्रिंस राज श्रीवास्तव और निखिल के खिलाफ एफआईआर कराई थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस की लापरवाही सामने मिली थी। चौकी इंचार्ज सचिन भाटी को निलंबित कर दिया गया, जबकि इंस्पेक्टर के खिलाफ जांच चल रही है। एसीपी कल्याणपुर रंजीत कुमार ने बताया कि प्रिंस राज श्रीवास्तव को बुधवार दोपहर कोर्ट के बाहर से गिरफ्तार किया गया है।