कानपुर में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, शहर में स्वाइन फ्लू (एचवन एनवन) के चार नए मामले सामने आए हैं। लैब जांच की रिपोर्ट में सभी मरीजों के रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें सभी वरिष्ठ नागरिक हैं। अगस्त से अब तक शहर के 38 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। नए रोगियों में नर्वल निवासी 70 वर्षीय महिला, न्यू आजादनगर निवासी 83 वर्षीय, कल्याणपुर निवासी 75 वर्षीय और विष्णुपुरी 64 वर्षीय पुरुष हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि इन सभी मरीजों में इंफ्लूएंजा जैसी बीमारी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण देखे गए थे। इनके सैंपल 10 से 14 सितंबर के बीच जांच के लिए भेजे गए थे। चार रोगियों में स्वाइन फ्लू मिला है। दो की रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज और दो की निजी पैथोलॉजी में जांच हुई है। उन्होंने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।