पूर्व आईपीएस और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने अधिवक्ता अखिलेश दुबे की संपत्तियों की गहन जांच कराने की मांग की है। इसके लिए मंडलायुक्त और पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखे हैं। उन्होंने मंडलायुक्त कार्यालय के एक कर्मचारी की भूमिका पर भी सवाल उठाया है।
विज्ञापन
रविवार को भेजे इस पत्र के अनुसार उन्होंने साकेतनगर स्थित पार्क की जमीन पर कब्जाकर किशोरी वाटिका गेस्ट हाउस बनाने और अखिलेश दुबे के कार्यालय के आवंटन की जांच की मांग की है। इसके अलावा अवैध तरीके से बृजकिशोरी दुबे स्कूल संचालित करने का भी आरोप लगाकर जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मंडलायुक्त कार्यालय के एक कर्मचारी पर प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से अधिवक्ता अखिलेश को सहयोग दिए जाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से कब्जा कराने के आरोप में जांच के बाद लोगों के उत्तरदायित्व का निर्धारण किया जाए। साथ ही आरोपियों से अवैध कब्जे या अवैध लाभ से कमाई गई संपत्ति की रिकवरी भी जरूरी है।