कानपुर में चेक गणराज्य के कारोबारी गैंगेला से करीब दो करोड़ ठगने वाले गिरोह ने पोलैंड, ऑस्ट्रेलिया, नार्वे, अफ्रीका समेत अन्य देशों के उद्यमियों को जालसाजी का शिकार बनाया है। यह जानकारी पनकी पुलिस व पश्चिम जोन के साइबर सेल को गिरोह के दो सदस्यों की गिरफ्तारी और पूछताछ से हुई। दोनों के पास से कार, एटीम, पासबुक, चेकबुक, करारनामा समेत अन्य दस्तावेज मिले हैं। जांच में 40 बैंक खातों का पता चला है जिसमें करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन हुए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि गैंगेला की चेक रिपब्लिक गणराज्य के फ्रेनस्टैट पॉड रैडोस्टेम में गैंगेला एसआरओ नाम से कंपनी है। यहां अदर नॉन ड्यूरेबल मिसलेनियस गुड्स (अन्य विविध गैर टिकाऊ वस्तुएं) का कारोबार होता है। कंपनी को स्टील के रैक की आवश्यकता थी। आरोपियों ने पनकी के अपट्रॉन स्टेट में स्टील की फर्जी फर्म वर्धमान इंडस्ट्रीज बनाई और कंपनी से संपर्क किया। करीब तीन करोड़ से अधिक में सौदा हुआ। कंपनी ने पहले चरण में लगभग दो करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। गिरोह रुपये खाते में आते ही फरार हो गया।