कानपुर में एमएसएमई को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार के बजट में सरदार वल्लभ भाई पटेल इंप्लायमेंट एंड इंडस्टि्रयल जोन की घोषणा की गई है। इसके लिए 575 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस तरह के जोन प्रदेश के सभी 75 जिलों में प्रस्तावित हैं। इसके लिए शहर में जमीन देखी जा रही है। शहर से 20 किलोमीटर के दायरे में फ्लैटेड फैक्टरी बनेंगी। इस जोन में उद्योग विभाग, लीड बैंक, रोजगार, कौशल विकास से संबंधित कार्यालयों को एक छत के नीचे लाया जाएगा।
इसका उद्देश्य उद्यम स्थापना से लेकर रोजगार मिलने तक की प्रक्रिया को सरल बनाना है। शासन की मंशा है कि उद्योग स्थापना से जुड़ी प्रक्रिया आसान की जा सके। इसके तहत 100 एकड़ में एक विशेष जोन बनाया जाना है। इसमें उद्योग से संबंधित विशेषज्ञ, कौशल विकास प्रशिक्षण, जिला उद्योग केंद्र, जिला रोजगार कार्यालय, ट्रेनिंग एवं इंटर्नशिप सहायक प्रकोष्ठ, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रकोष्ठ आदि उद्योग से से जुड़े अन्य कार्यालय और लीड बैंक का कार्यालय एक ही स्थान पर होंगे।