कानपुर में रफ्तार से हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को महाराजपुर, पनकी और बर्रा थाना क्षेत्र में हुए अलग-अलग हादसों में घायल पांच लोगों की मौत हो गई। महाराजपुर थाना क्षेत्र में रूमा हाईवे पर शनिवार सुबह छह बजे तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इसमें दबकर रामनगर निवासी चालक सलेंद्र (30) की मौके पर ही मौत हो गई। साथी पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने उसे घायल को हैलट भेजा। सलेन्द्रा की पत्नी अनीता और छोटा भाई सतेंद्र बिलख पड़े। इसी तरह पनकी थाना क्षेत्र में गुजैनी नहर पुल पर शनिवार सुबह साइकिल से फैक्टरी जा रहे नौबस्ता अर्रा गांव निवासी गंभीर सिंह (34) को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 29 मई को पनकी थाना क्षेत्र में स्थित फैक्टरी में नाइट ड्यूटी पर जा रहे पनकी कटरा निवासी रामशंकर त्रिपाठी (73) को भाटिया तिराहे के पास नगर निगम के कूड़ा डंपर ने कुचल दिया।