कानपुर में नौबस्ता पुलिस ने दुकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को यशोदानगर बाईपास से दबोच लिया। पकड़े गए सभी आरोपी बहराइच के हैं, जिन्होंने गैंग बना रखा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया है।
आरोपी पिछले एक माह में साउथ क्षेत्र में चोरियां कर रहे थे। पांच दुकानों में सेंध लगा चुके थे। एडिशनल डीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से सोमवार देर रात बहराइच के हजूरपुर भंगाहा निवासी गैंग लीडर धर्मेंद्र कश्यप, परमवीर वर्मा, नारेंद्र वर्मा, विशाल कुमार, सुनील कुमार को पकड़ा।
आरोपियों की निशानदेही पर 20 हजार रुपये, 18 मोबाइल व अन्य कीमती सामान बरामद हुआ है। धर्मेंद्र, परमवीर, नरेंद्र, विशाल व सुनील के खिलाफ नौबस्ता, हनुमंत विहार, बर्रा व कानपुर देहात के रनियां थाने में चोरी के मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने पांच दिन पहले हमीरपुर रोड पर स्थित परचून की दो दुकानों का ताला तोड़कर चोरी की थी। कानपुर देहात के रनियां चौराहे के पास स्थित एक मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर लाखों के मोबाइल चुराए थे। वह दिन में ग्राहक बनकर दुकानों में सेंध लगाते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।