अग्निशमन विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान
- फोटो : अमर उजाला
अग्निशमन विभाग के अफसरों ने मंगलवार को 22 कोचिंग सेंटरों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अपने-अपने फायर स्टेशन क्षेत्रों में स्थित कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण कर अग्निसुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच के दौरान कई संस्थानों में भवन संबंधी मानकों और अग्निसुरक्षा व्यवस्थाओं में कमी और उल्लंघन पाया गया। इस पर उन्हें तत्काल सुधार कर मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि संस्थानों को नोटिस जारी कर अग्निसुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। साथ ही, कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण से संबंधित मामलों में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। इसके अलावा जिन भवनों में ढांचागत कमियां अथवा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए केडीए को पत्राचार किया जाएगा।