जाजमऊ में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से टेनरी के तीसरे माले में आग लग गई। आग लगने से वहां रखा चमड़ा जल गया। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग को बुझाया। जाजमऊ निवासी नसीम अहमद की वाजिदपुर में अकदस इंटरनेशनल के नाम से टेनरी है। शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे टेनरी के तीसरे माले में स्प्रे विभाग में एक्जाॅस्ट में शॉर्ट सर्किट होने से चमड़े में आग लग गई।
विज्ञापन
आग की लपटें निकलने पर भूखंड में काम कर रहे कर्मचारियों और इलाके के लोगों को आग की जानकारी हुई। आनन-फानन लोगों ने पुलिस और दमकल को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत कर आग को बुझाया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि एक्जाॅस्ट में शॉर्ट सर्किट होने से टेनरी की तीसरी मंजिल में आग लगी थी। फिलहाल आग को बुझा लिया गया है। किसी प्रकार की कोई हताहत नहीं हुई है।