दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद जलती कार
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में चकेरी एयरपोर्ट स्थित न्यू टर्मिनल बिल्डिंग के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार कार में आग लग गई। आग लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन से होते हुए खेत में जा गिरी। हादसे में कार में बैठे दो लोग मामूली रूप से चुटहिल हो गए। चालक ने जैसे ही लोगों को कार से बाहर निकाला। आग ने कार काे अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान कार जलकर राख हो गई।
महाराजपुर के त्रिलोकपुर निवासी कार चालक सौरभ पाल ने बताया कि उन्होंने पिछले साल नवंबर में अर्टिका कार खरीदी थी। उन्होंने कुलगांव स्थित एक ट्रेवल्स से अटैच कर रखा है। मंगलवार को सुखनीपुर गांव निवासी ओमप्रकाश यादव ने एक कार्यक्रम के लिए रायबरेली जाने के लिए कार बुक कराई थी। बुधवार को रायबरेली से वह घर वापस घर आ रहे थे।
न्यू एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग के पास पहुंचे ही थे कि कार की बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। इससे उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी पट्टी पर जाकर सड़क के नीचे खेत में जा गिरी। हादसे के बाद चालक ने कार में बैठे दीपक और दूल्हे के चाचा जगत सिंह व एक अन्य को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।