दिवाली की देर रात जवाहर नगर स्थित फर्नीचर के शो रूम और बिठूर स्थित ब्यूटी पार्लर में भीषण आग लग गई। दोनों ही स्थानों पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फर्नीचर के शो रूम में पटाखे से तो पार्लर मे दीये से आग लगना बताया जा रहा है।
जवाहर नगर स्थित भदौरिया चौराहे के पास गुरुवार की रात करीब साढ़े नौ बजे जलता पटाखा गिरने से एक फर्नीचर शोरूम में आग लग गई। करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। आग के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। दमकल की करीब 10-12 गाड़ियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के बाद मौके पर पहुंचे शोरूम मालिक का हाथ फर्नीचर निकलते वक्त झुलस गया।
जवाहर नगर निवासी दलपत सिंह भदोरिया का लेलिन पार्क ढाल के आगे अंजली सेरेटिक एंड फर्नीचर नाम से शोरूम है। रात आसपास के लोगों ने शोरूम के पिछले हिस्से से धुआं व लपटें उठती देखी और दलपत सिंह भदोरिया को सूचना दी। इस पर वह पूरे परिवार के साथ मौके पर पहुंचे और शोरूम का ताला खोलकर देखा तो पीछे की तरफ आग लगी हुई थी।
उन्होंने शुरू में रखें फायर सिलेंडर से आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी। इस दौरान शोरूम से कच्चा सामान बाहर निकालने में दलपत का हाथ झुलस गया। दीपावली पर छोड़े गए पटाखे से शोरूम के पिछले हिस्से में प्लास्टिक की सीट व वॉल सीलिंग में आग लगी थी। अभी आंख से हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका है।
इसी तरह बिठूर थाना क्षेत्र के बिठूर मंधना सब्जी बाजार के सामने बिठूर रोड पर दिए से ब्यूटी पार्लर में आग लग गई। स्थानीय लोगो ने आग पर काबू पाया। थोड़ी देर बाद अग्निशमन की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। बगदौधी बांगर मंधना निवासी सरिता ने बताया वह पार्लर में दीपावली की पूजा करने के बाद दिए जलाकर घर मे पूजा करने चली गई थीं। हो सकता है कि दीये से आग लगी हो। पार्लर का पूरा सामान जल गया है।