हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के केशननगर में शनिवार देर रात किराना दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। लपटें उठती देख पड़ोसी की सूचना पर दुकानदार ने परिवार समेत पड़ोसी की छत से उतरकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग को काबू पाया जा सका।
संतोष कुमार गुप्ता की मकान में ही बालाजी जनरल स्टोर के नाम से किराने की दुकान है। मां और पांच भाइयों समेत 17 लोगों का परिवार भी उसी मकान में रहता है। संतोष के भाई मुकेश ने बताया कि शनिवार रात दुकान बंद करने के बाद परिवार समेत कमरों में सो रहे थे। देर रात करीब तीन बजे ड्यूटी जाने के लिए निकले रेलवे कर्मी पड़ोसी ने दुकान से लपटें उठती देख उन्हें फोन करके सूचना दी। परिवार को जगाकर नीचे उतरने का प्रयास किया तो भूतल का क्षेत्र आग की लपटों से घिरा हुआ था।