कानपुर के पनकी रतनपुर इलाके में बुधवार देररात लाइसेंसी बंदूक से एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी गोली मारने के बाद घर पर ही बैठे रहे। पुलिस आई तो खुद ही बोले कि हमने गोली मारी है। पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी और उसके दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में ले लिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसीपी कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला के मुताबिक रतनपुर निवासी धर्मेंद्र पाल (22) मजदूरी करता है। बुधवार रात नशेबाजी में उसका पड़ोसी सोनू से विवाद हो गया।
इस दौरान धर्मेंद्र और उसके पिता आदि मिलकर सोनू को पीटने लगे। शोरगुल सुनकर सोनू के पिता त्रियुगी और भाई मोनू घर से बाहर आए। विवाद बढ़ने लगा तभी त्रियुगी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी, जो धर्मेंद्र की गर्दन में लगी। मौके पर ही धर्मेंद्र की मौत हो गई।
विज्ञापन
एसीपी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। तीनों आरोपी त्रियुगी, मोनू और सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान त्रियुगी का कहना था कि उसने डराने के लिए गोली चलाई थी। उसको नहीं पता था कि गोली लग जाएगी। गोली इसलिए चलाई थी, जिससे उसके लड़के को छोड़ दें। एसीपी ने बताया कि आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।