कानपुर में नरवल थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक 42 वर्षीय किसान का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार राम सिंह गुरुवार रात घर पर अकेले थे। उनकी पत्नी संध्या और तीनों बच्चे संकल्प, राघवेंद्र और सत्या नौबस्ता में ताऊ के घर रहते हैं। गुरुवार को छोटे बेटे राघवेंद्र का जन्मदिन होने के कारण संध्या बच्चों के साथ वहीं थीं।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे संध्या घर लौटीं। काफी देर दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई आवाज न आने पर वह घर के बगल बने मंदिर के सहारे अंदर पहुंचीं और कमरे की कुंडी खोलकर भीतर गईं। वहां राम सिंह फर्श पर औंधे मुंह पड़े थे। यह देखकर वह बेसुध हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घटना से आहत होकर संध्या ने जहरीला पदार्थ खा लिया।