बिठूर पुलिस ने रविवार को फर्जी वन दरोगा अजब सिंह को परगही बांगर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने युवक की स्पोर्ट्स बाइक हड़पने और रुपये मांगने के आरोप में पकड़ा है। अजब सिंह बदायूं के अढौली का निवासी है। उसने बनी गांव के तिलक सविता के कर्मचारी आदित्य से दोस्ती की थी। खुद को वन विभाग का दरोगा बताकर उसने तिलक की स्पोर्ट्स बाइक चार मई को ली और वापस नहीं की।
वह बाइक लौटाने के बदले रुपये मांग रहा था। तिलक की शिकायत पर पुलिस ने जांच की। बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि वन विभाग में ऐसा कोई दरोगा तैनात नहीं है। पूछताछ में अजब ने बताया कि नौकरी न मिलने पर वह फर्जी दरोगा बन गया। उसके पास से वर्दी, जूते और नकली पहचान पत्र बरामद हुए।
पहले से दर्ज हैं चार मामले
डीसीपी वेस्ट एसएन कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी पर जुलाई 2020 में आजमगढ़ में फर्जी वन दरोगा बन कर पेड़ कटवाने का मामला दर्ज है। जून 2023 में साहिबाबाद में ट्रायल के नाम पर और जुलाई 2023 में फिरोजाबाद के सिरसागंज में वर्दी लेने जाने की बात कह गाड़ी लेकर भागने की रिपोर्ट दर्ज है। आरोपी को काेर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।