खाकी वर्दी पहनकर वसूली करने वाले पांच शातिरों को डीसीपी की स्वाट टीम ने यूपी स्पेशल टास्क फोर्स एसटीएफ के साथ मिलकर दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। शातिर बिठूर, पनकी, कल्याणपुर में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। टीमें अभी भी सरगना समेत कई साथियों की तलाश में जुटी हैं। इसी वजह से अभी आरोपियों के नामों को सार्वजनिक नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार शातिर ऐसी जगह छापा मारते थे, जहां सेक्स रैकेट चलता था। उनके गैंग में कई ऐसे भी लोग शामिल हैं जो सूचना दिया करते थे। पुलिस कर्मी बनकर दबिश देने के बाद छोड़ने के लिए मोटी रकम वसूली जाती थी। जानकारी के बाद डीसीपी के आदेश पर हरकत में आई स्वाट टीम ने शुक्रवार रात रावतपुर में पुलिस का लोगो लगी कार को रोकने का प्रयास किया तो शातिर भागने लगे। इसके बाद टीम ने उन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी शुक्रवार को रावतपुर थानाक्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने आए हुए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार शातिरों की नजर हाल ही में खुले होटलों पर रहती थी। मुखबिरों की सूचना पर वह महिला साथी संग होटल में पहुंचकर छापा मारते थे। इसके बाद वसूली का खेल शुरू होता था। पुलिस सूत्रों के अनुसार गैंग के सरगना समेत कुछ अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। - दिनेश त्रिपाठी, डीसीपी पश्चिम