सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों के खिलाफ हुई कार्रवाई
- फोटो : अमर उजाला
कमिश्नरी पुलिस की जांच में आबकारी विभाग की लापरवाही मिली है। शुक्रवार देर रात सार्वजनिक जगहों पर शराब पीते हुए 1901 नशेबाज पकड़े गए हैं, जिनमें से 1039 के खिलाफ कार्रवाई हुई है। पुलिस ने बिना अनुमति के अपने यहां बिठाकर शराब पिलाने में 28 ठेकों को नोटिस जारी किया है। यह अभियान सड़क या अन्य सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों के खिलाफ जारी रहेगा।
शहर में सार्वजनिक जगहाें पर शराब पीकर मारपीट, गालीगलौज करने ओर छेड़छाड़ के मामले बढ़ते जा रहे हैं। सड़क या गाड़ी में बैठकर शराब पीने से सड़क हादसों में भी इजाफा हुआ है। इन समस्याओं को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने शनिवार की शाम सात से 10 बजे तक चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिए। इसमें डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी, थानेदार और चौकी प्रभारी शामिल हैं।