फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर सुसाइड: ‘पत्नी से दूरी और शराब की लत बनी काल’, तीन युवकों ने फंदा लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Tue, 22 Sep 2026 02:13 PM IST
Himanshu Awasthi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: कानपुर के बिठूर, बिधनू और गोविंदनगर थाना क्षेत्रों में पत्नी से दूरी और शराब की लत के चलते तीन अलग-अलग युवकों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामलों की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
मृतकों की फाइल फोटो - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर में पत्नी से विवाद और उससे बनी दूरी ने बिठूर और बिधनू के दो युवकों को परेशान कर रखा था, जबकि गोविंदनगर में शराब की लत को लेकर परिवार में आए दिन कहासुनी होती थी। सोमवार रात तीनों युवकों ने अलग-अलग परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। बिठूर के नारामऊ निवासी मुकेश (28) ने पत्नी के वापस आने से इनकार करने के कुछ देर बाद, बिधनू के मझावन निवासी रविंद्र (27) ने करीब एक साल से पत्नी-बेटी के मायके में रहने के दौरान और गोविंदनगर के गोपाल नगर नहरिया निवासी करन (23) ने शराब की आदत को लेकर होने वाली कहासुनी के बीच जान दे दी। मंगलवार सुबह तीनों के शव घर के भीतर मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थलों की जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।

विज्ञापन

पत्नी को लगातार बुला रहा था, इनकार के बाद उठाया कदम
नारामऊ गांव निवासी मुकेश लोडर चालक था। करीब आठ साल पहले उसकी शादी रिंकी से हुई थी। दोनों का एक बेटा दिव्यांशु है। बड़े भाई पुत्तीलाल के मुताबिक, मुकेश और रिंकी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि शराब के नशे में घर पहुंचने के बाद मुकेश पत्नी से कहासुनी करता था। करीब 15 दिन पहले हुए विवाद के बाद रिंकी बेटे को लेकर मायके चली गई थी। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद मुकेश लगातार फोन कर पत्नी को वापस आने के लिए कह रहा था। सोमवार देर रात भी उसने रिंकी से फोन पर बात की, लेकिन उसने लौटने से इनकार कर दिया। इसके कुछ देर बाद मुकेश कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह मां छिदाना उसे जगाने पहुंचीं, तो कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला। चीख-पुकार सुनकर परिजन पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

एक साल से पत्नी-बेटी की राह देख रहा था रविंद्र
मझावन गांव निवासी हरिशंकर साहू का 27 वर्षीय बेटा रविंद्र ट्रक चालक था। करीब छह साल पहले उसकी शादी सारिका से हुई थी। दोनों की पांच वर्षीय बेटी सृष्टि है। बड़े भाई अमित के मुताबिक, करीब एक साल पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सारिका बेटी को लेकर मायके चली गई थी। परिजनों का कहना है कि रविंद्र पत्नी और बेटी को वापस बुलाने का प्रयास करता रहा, लेकिन दोनों घर नहीं लौटीं। इससे वह परेशान रहने लगा था। पिछले कुछ समय से शराब का सेवन भी बढ़ गया था। सोमवार देर रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और कमरे में चला गया। रात करीब एक बजे उठकर दूसरे कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह मां कुशमा सफाई करने पहुंचीं तो रविंद्र का शव फंदे से लटका मिला। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार पत्नी और बेटी के मायके में रहने से युवक परेशान था। जांच की जा रही है।

विज्ञापन

शराब की आदत को लेकर परिवार में होती थी कहासुनी  
गोपाल नगर नहरिया निवासी राजू का 23 वर्षीय बेटा करन मजदूरी करता था। परिवार में मां तारा देवी, छोटा भाई अमन और बहन कामिनी हैं। पिता के मुताबिक, करन को शराब पीने की आदत थी। वह अक्सर देर रात घर लौटता था, जिसे लेकर परिवार के लोग उसे टोकते थे और कभी-कभी कहासुनी भी होती थी। सोमवार रात भी करन देर से घर पहुंचा और अपने कमरे में चला गया। परिवार के लोग सो गए। मंगलवार सुबह परिजनों की नजर कमरे में गई तो करन का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस पहुंची और घटनास्थल की जांच की। गोविंदनगर इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि परिजन घटना की स्पष्ट वजह नहीं बता सके हैं। मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें