सिविल लाइंस स्थित पांच सितारा होटल लैंडमार्क में फ्रीजर में उतरे करंट की चपेट में आकर बुधवार तड़के कर्मचारी की मौत हो गई। परिजनों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। होटल के अधिकारियों के मुआवजा देने के आश्वासन पर आक्रोशित परिजन शांत हुए।
छावनी के गोलाघाट नई बस्ती निवासी चालक विजय के अनुसार बेटा सुमित (21) दो महीने से यूटी सुपरवाइजर राहुल के अंडर में होटल में साफ-सफाई का काम करता था। सुमित तड़के 3.57 बजे यूटी कक्ष में वाइपर से पोछा लगा रहा था। इसी दौरान फर्श पर पानी पड़ा होने के कारण फ्रीजर में करंट उतरने से सुमित चपेट में आ गया। उसे उर्सला ले जाने पर डॉक्टरों के मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचे मां रानी देवी, भाई अमित, आदित्य, बहन आराधना ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। पोस्टमॉर्टम हाउस में होटल के अधिकारियों से परिजनों की नोकझोंक भी हुई।
मौके पर मौजूद पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बाद में होटल की ओर से दो लाख रुपये की एफडी और माता-पिता को आजीवन 10 हजार रुपये प्रतिमाह देने का आश्वासन दिया गया। इस पर परिजन शांत हुए। वहीं कर्मचारियों ने बताया कि यह कोई पहली बार घटना नहीं हुई है। इससे पहले भी होटल में हादसे हो चुके हैं। फ्रीजर में करंट उतरने के कारण अन्य कर्मचारी भी चपेट में आ चुके हैं। गनीमत रही कि उनकी जान बच गई। कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि परिजन अगर तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी देते मृतक सुमित के पिता विजय
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस बोली, लिख दूंगा मुकदमा
पोस्टमॉर्टम हाउस में विजय ने होटल के अधिकारियों से कहा कि उन लोगों की आर्थिक स्थिति खराब है। उन्हें कम से कम सात लाख रुपये मुआवजा दिया जाना चाहिए। इस पर वह लोग तैयार नहीं हुए। इससे गुस्साए परिजनों ने कहा कि वह लोग शव ले जाकर होटल के बाहर रखेंगे। इस पर पुलिस बोली, ऐसा किया तो मुकदमा लिख दूंगा।