Kanpur News: डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के जनता दर्शन में एक वृद्धा ने बेटे और बहू पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। डीएम ने तुरंत बेटे को कार्यालय बुलाया, फटकार लगाई और सुलह अधिकारी की मदद से दोनों में सुलह कराई, जिसके बाद बेटा मां का हाथ पकड़कर उन्हें घर ले गया।
कानपुर में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के जनता दर्शन में सोमवार को 62 वर्षीय वृद्धा ऊषा शर्मा अपनी फरियाद लेकर पहुंचीं। बर्रा निवासी वृद्धा ने कांपते कदमों और भर्राई आवाज में बेटे और बहू पर मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगा न्याय की गुहार लगाई। डीएम ने कार्यालय में बेटे को बुलाया और फटकार लगाई। इसके बाद बेटा अपनी मां का हाथ पकड़कर घर ले गया। मंगलवार को जिलाधिकारी ने वृद्धा को फोन कर हालचाल भी लिया।
विज्ञापन
बर्रा निवासी वृद्धा ने जिलाधिकारी को बताया कि 25 अक्तूबर की रात उनके बेटे और बहू ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। उनकी पेंशन की रकम, मोबाइल और आधार कार्ड भी छीन लिया। डीएम ने तुरंत वृद्धा के बेटे को फोन कर कार्यालय बुलवाया। आमने-सामने बातचीत हुई। डीएम ने वृद्धा के बेटे को समझाया। सुलह अधिकारी डॉ. धीरेंद्र दोहरे को दोनों को समझाने के लिए लगाया गया। करीब एक घंटे तक चले मानमनौवल के बाद मां और बेटे में सुलह हो गई और बेटा मां का हाथ पकड़कर घर ले गया।