वृद्धा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
वृद्धा के मुताबिक बीती 13 मई की शाम सात बजे वह अपने घर में रखे कुछ बर्तन लेने गई थीं, लेकिन बेटे-बहु ने धक्का मारकर भगा दिया। आरोप है कि रात करीब 10 बजे बेटा-बहू उसके किराये के मकान में पहुंचे और लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उसके शरीर पर कई चोटें आईं। विरोध पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि वृद्धा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
बहू की प्रताड़ना से टूटी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला
जिस उम्र में अपनों के सहारे और सम्मान की जरूरत होती है उस उम्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अपने ही घर में प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। कोहना थाना क्षेत्र के पुराना कानपुर में बुजुर्ग ने अपनी बहू पर गिराकर पीटने, जान से मारने की नीयत से छाती पर चढ़कर बैठने, गालीगलौज और सामान जलाने का गंभीर आरोप लगाया है। थाना स्तर पर सुनवाई न होने से परेशान बुजुर्ग ने पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाकर कोहना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
आए दिन विवाद और मारपीट करती है बहू
70 वर्षीय गायत्री देवी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बेटे रामलखन यादव, बहू खुशबू और बच्चों के साथ रहती हैं। आरोप है कि बहू संपत्ति पर एकाधिकार चाहती है और इसी को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट करती है। 14 अप्रैल को बहू ने उन्हें गिराकर पीटा। शोर सुनकर बेटा पहुंचा और किसी तरह बचाया। बुजुर्ग का आरोप है कि 12 मई की रात करीब 1:30 बजे बहू ने घर में हंगामा किया।
खुशबू यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई
कमरे में रखे बक्सों से कपड़े और अन्य सामान निकालकर छत पर ले जाकर आग लगा दी। विरोध करने पर गालीगलौज करते हुए धक्का देकर घर से निकालकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि घटना की शिकायत कोहना थाने में की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। कोहना थानाप्रभारी प्रतीक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर खुशबू यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।