कानपुर में प्रोस्टेट कैंसर से परेशान चकेरी के ओमपुरवा निवासी बब्बू जायसवाल (65) ने शुक्रवार को अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद वह चमनगंज के हीरागंज स्थित छोटे भाई के घर पहुंच गए। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें हैलट अस्पताल ले गए, जहां देर रात करीब तीन बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे और बीमारी के चलते परेशान रहते थे। बब्बू प्राइवेटकर्मी थे। उनके भतीजे शुभम जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे चाचा जहरीला पदार्थ खाने के बाद उनके हीरागंज स्थित घर पहुंचे। उन्होंने बीमारी से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाने की बात बताई। इसके बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में हैलट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।