कानपुर में फजलगंज थाना क्षेत्र के दर्शनपुरवा मोहल्ले में नशे में उपजे विवाद ने एक खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के दौरान बड़े भाई ने ईंट से प्रहार कर अपने छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, दर्शनपुरवा निवासी शिवकुमार कश्यप (35) और उसके बड़े भाई के बीच किसी बात को लेकर तनोकझोंक हो गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों भाई नशे की हालत में थे। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बड़े भाई ने पास रखी ईंट उठाकर शिवकुमार के सिर पर जोरदार वार कर दिया।