प्रयागराज के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल मंगलवार को कानपुर पहुंचे। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन के अंतर्गत चयनित गोविंदपुरी व पनकी धाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्याें की धीमी गति देख नाराजगी जताई। इंजीनियरिंग के कार्य तेजी से समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
डीआरएम विशेष ट्रेन परख से दोपहर करीब 12:30 बजे गोविंदपुरी स्टेशन पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने जीआरपी के सीसीटीवी कंट्रोल रूम, वीआईपी लॉज, फूड कोर्ट का जायजा लिया। इसके बाद अमृत भारत स्टेशन योजना के फेज-1 के तहत चल रहे निर्माण कार्याें का जायजा लिया। बाहर खाली जगह पर मलबा व अन्य सामान पड़ा देख सफाई कराने को कहा। उक्त भूमि का उपयोग यात्री सुविधाओं के लिए करने व पौधरोपण कर हरियाली लाने के निर्देश दिए। जीआरपी थाने के लिए बाहर एक कमरा दिए जाने की मांग को स्वीकृति दी। कहा कि निर्माण कार्याें की हर सप्ताह रिपोर्ट दी जाए। इसके बाद पनकी धाम पर निर्माण कार्याें व स्टेशन परिसर का जायजा लेकर प्रयागराज के लिए निकल गए।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीटीएम आशुतोष सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक समन्वय आकांशु गोविल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग हिमांशु शुक्ला, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय भूपेश पांडेय, मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल व दूरसंचार इंजीनियर सिग्नल उज्जवल गुप्ता, वरिष्ठ विद्युत इंजीनियर परिचालन प्रदीप शर्मा, वरिष्ठ विद्युत इंजीनियर टीआरडी वीरेंद्र वर्मा, वरिष्ठ विद्युत इंजीनियर सामान्य कुंवर सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
डीआरएम ने किया निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
रेल कर्मियों ने ज्ञापन सौंपकर बताईं समस्याएं
सेंट्रल स्टेशन पर डीआरएम से मिलने नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल भी पहुंचा। ज्ञापन देकर स्टेशन पर रनिंग कर्मियों के लिए शेड युक्त वाहन स्टैंड निर्माण, एलपीजी से एलपीपी की पदोन्नति करने समेत कई मांग की। इस दौरान डिविजनल अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी, डिविजनल सचिव डीएस यादव आदि मौजूद रहे।
चार ट्रेनों का प्लेटफॉर्म बदला, पटरी पारकर यात्रियों ने पकड़ी ट्रेन
गोविंदपुरी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर दोपहर करीब 12:30 बजे आई डीआरएम की विशेष ट्रेन परख तीन घंटे तक खड़ी रही। इस दौरान प्लेटफार्म पर आने वाली सूबेदार-जम्मू कटरा एक्सप्रेस, कानपुर सेंट्रल-टूंडला पैसेंजर सहित चार ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर दो व तीन पर शिफ्ट किया गया। प्लेटफॉर्म बदलने की घोषणा होते ही यात्रियों ने फुट ओवरब्रिज की जगह पटरी पारकर ट्रेन पकड़ी। ट्रैक पार करने के दौरान एक महिला पटरी पर गिर गई, जिसे अन्य यात्रियों ने उठाकर प्लेटफॉर्म पर पहुंचाया।