डीएम ने अनवरगंज स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया
- फोटो : अमर उजाला
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह मंगलवार सुबह 9:30 बजे नगरीय स्वास्थ्य केंद्र अनवरगंज का निरीक्षण करने पहुंचे तो आठ स्वास्थ्यकर्मी नदारद मिले। डीएम ने कर्मचारियों का एक दिन का वेतन और संविदा कर्मियों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। इनमें एक स्थायी कर्मचारी और सात संविदा कर्मी थे।
अनुपस्थित पाए गए स्वास्थ्यकर्मियों में बीएचडब्ल्यू शिल्पी सक्सेना, स्टाफ नर्स अंजलि, एएनएम रेनू पांडे, मीना देवी, पुष्पा देवी, अरविंद कुमार, अभिनव तिवारी और मोहित शुक्ला शामिल हैं। इस दौरान एमओआईसी डॉ. दीप्ति गुप्ता ने बताया कि सहायक शोध अधिकारी नम्रता वर्मा वर्तमान में सीएमओ कार्यालय से संबद्ध हैं। इस पर डीएम ने संबद्ध किए जाने के औचित्य की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने लैब की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। लैब टेक्नीशियन अनुज ने बताया कि सितंबर में अब तक मात्र 14 लोगों ने जांच कराई है। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की और जांच संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही दवाओं की उपलब्धता भी देखी।