10 फीट जमीन को लेकर चल रहा है विवाद
कंधईखेड़ा गांव निवासी महेंद्र किसान हैं। परिवार में पत्नी ज्योति और चार साल का बेटा है। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे घर पर ही डिलीवरी के दौरान ज्योति ने दूसरे बेटे को जन्म दिया। परिजन के मुताबिक महेंद्र और उसके बड़े भाई सुरेंद्र के बीच करीब छह साल से 10 फीट जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
महिलाओं को भी लाठी-डंडों से पीटा गया
आरोप है कि सुबह करीब नौ बजे महेंद्र किसी काम से घर से बाहर गया था। पड़ोस में रहने वाला महेंद्र का बड़ा भाई सुरेंद्र अपने बेटे शिवा, बेटी सोनम, पुष्पेंद्र, लाल उर्फ शिवा और अन्य के साथ घर पहुंचा। कमरे में घुसकर ज्योति को पीटा। वहां मौजूद महिलाओं ने विरोध किया, तो उन्हें भी लाठी-डंडों से पीटा गया।
हाथ-पैर में हो गया फ्रैक्चर
आरोप है कि मारपीट के दौरान एक डंडा नवजात को लग गया जिससे उसकी एक बार चीख निकलने के बाद मौके पर ही मौत हो गई। महेंद्र घर पहुंचा, तो आरोपियों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। इससे गंभीर चोट लगने से उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया।
जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार
ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। महाराजपुर इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर धारा की बढ़ोतरी की जाएगी। फिलहाल, मामले की जांच चल रही है।
विवाद में मैं खुद अपने बच्चे की जान गवां चुका हूं…
महेंद्र के भाई नितेश का आरोप है कि इसी तरह आरोपियों ने उन पर भी हमला किया था। गर्भावस्था में उनकी पत्नी रानी ने बीचबचाव किया तो उन लोगों ने लात मार दी थी जिससे उनके बच्चे की भी पेट में ही मौत हो गई थी। आरोप है कि पुलिस कभी उन पर ठोस कार्रवाई नहीं करती जिसके चलते उनका दुस्साहस बढ़ा हुआ है।